भारत-पाकिस्तान के बीच फाइनल, 3 अक्टूबर को एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल की लड़ाई
Last Updated:
एशियन गेम्स 2026 का क्रिकेट गोल्ड मेडल मैच भारत और पाकिस्तान के बीच तीन अक्टूबर को होगा. सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराते हुए टीम इंडिया फाइनल में पहुंची तो पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराया था जबकि ब्रॉन्ड मेडल की लड़ाई बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच होगी.
भारत पाकिस्तान के बीच होगा एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल मैच
निशिन: श्रीलंका को एकतरफा सेमीफाइनल में 124 रन के अंतर से रौंदते हुए भारतीय टीम ने शान से एशियन गेम्स के फाइनल में जगह बना ली है. अब 3 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल की लड़ाई होगी. भारतीय समयानुसार खिताबी मुकाबले की शुरुआत सुबह साढ़े नौ बजे से होगी. भारत हांगझोऊ में खेले गए पिछले एशियाई खेलों का गोल्ड मेडलिस्ट है.
महज 45 रन पर ऑलआउट हुआ श्रीलंका
ईशान किशन की नाबाद 80 रन की अर्धशतकीय पारी के बूते भारत ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट के नुकसान पर 169 रन का चैंलेंजिंग टोटल खड़ा किया था. जवाब में श्रीलंका ने पहले ही ओवर में बिना किसी स्कोर के दो विकेट गंवा दिए और 9.5 ओवर आते-आते पूरी टीम ही महज 45 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत के लिए जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने घातक गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट लिए जबकि तीन खिलाड़ी रन आउट हुए. पार्ट टाइम स्पिनर अभिषेक शर्मा ने आखिरी के दो विकेट लगातार दो गेंदों पर लेकर श्रीलंका का गेम ओवर कर दिया
बांग्लादेश को हराकर फाइनल में पहुंचा है पाकिस्तान
1 अक्टूबर को खेले गए पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को छह विकेट से हराते हुए फाइनल का टिकट कटवाया था. मैच में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाए थे. जवाब में साहिबजादा फरहान की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम ने नौ गेंद पहले ही चार विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया था. पिछले एशियन गेम्स में पाकिस्तान को कोई मेडल नहीं मिला था. टीम बांग्लादेश के खिलाफ ब्रॉन्ज मेडल भी नहीं जीत पाई थी.