Last Updated:
उत्तर प्रदेश सरकार ने यमुना अथॉरिटी के सीईओ आरके सिंह के कार्यकाल को और एक साल के लिए बढ़ा दिया है. 30 सितंबर को जैसे ही आरके सिंह का कार्यकाल खत्म हुआ, वैसे ही योगी सरकार ने उनका कार्यकाल 2027 के 30 सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया है. बता दें कि आरके सिंह के कार्यकाल को दूसरी बार एक्सटेंड किया गया है.
यमुना अथॉरिटी के सीईओ आरके सिंह के कार्यकाल को बढ़ाया गया.
ग्रेटर नोएडाः उत्तर प्रदेश के यमुना अथॉरिटी के सीईओ आरके सिंह का एक बार फिर योगी सरकार ने कार्यकाल बढ़ा दिया है. आरके सिंह को रिटायर होने के बाद पिछले साल एक साल का एक्सटेंशन दिया गया था. वहीं 30 सितंबर को जब उनका कार्यकाल पूरा हुआ तो एक बार फिर यूपी सरकार ने 2027 के 30 सितंबर तक के उनको एक्सटेंड कर दिया.आरके सिंह नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ की भी जिम्मेदारी संभाल रहे थे.
जानिए कौन हैं आरके सिंह
आरके सिंह साल 2009 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. उन्हें सीएम योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अधिकारियों में से एक माना जाता है. सीएमओ में सचिव के पद पर रहते हुए आरके सिंह ने कई नीतिगत फैसलों में अहम भूमिका निभाई है. सीएम योगी के सचिव के पद से आरके सिंह को फिर यमुना अथॉरिटी के सीईओ का पद दिया गया. आईएएस बनने के बाद यमुना अथॉरिटी के अतिरिक्त सीईओ के पद पर आरके सिंह को पहली पोस्टिंग मिली थी.
1994 में आरके सिंह का पीसीएस अधिकारी के तौर पर हुआ था चयन
हापुड़-पिलखुआ, गाजियाबाद और मुरादाबाद विकास प्राधिकरणों में वीसी के पद पर भी आरके सिंह तैनात रह चुके हैं. आरके सिंह मुरादाबाद और गाजियाबाद में कलेक्टर एवं डीएम के पद पर भी तैनात रह चुके हैं. आरके सिंह को मुरादाबाद नगर आयुक्त सहित उत्तर प्रदेश गन्ना संस्थान एवं चीनी मिल में एमडी भी बनाए गए थे. बता दें कि आरके सिंह का साल 1994 में पीसीएस अधिकारी के तौर पर चयन हुआ था. फिर साल 2009 में उनको प्रमोट कर आईएएस बनाया गया.