श्राद्ध-तर्पण और पिंडदान का महत्व, तीनों में क्या है अंतर? आचार्य से आसानी से समझें

श्राद्ध-तर्पण और पिंडदान का महत्व, तीनों में क्या है अंतर? आचार्य से आसानी से समझें


खरगोन. शास्त्रों में पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने और उनकी आत्म तृप्ति के लिए श्राद्ध, तर्पण एवं पिंडदान का विधान बताया गया है. पितृ पक्ष में लोग अपने पूर्वजों के निमित्त अलग-अलग धार्मिक कर्म करते हैं लेकिन कई लोगों को यह जानकारी नहीं होती कि श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान में क्या अंतर है. तीनों का महत्व और विधि क्या होती है. तीनों कर्म एकसाथ कर सकते हैं या किसी विशेष तिथि या अवसर पर अलग-अलग किए जाते हैं. खरगोन के विद्वान पंडित जगदीश ठक्कर ने इन तीनों कर्मों को लेकर शास्त्रीय मान्यता और परंपरा को आसान भाषा में समझाया है.

पंडित जगदीश ठक्कर ने लोकल 18 को बताया कि श्राद्ध का मतलब पितरों के प्रति श्रद्धा से किया गया धार्मिक कर्म है अर्थात पितरों के निमित श्रद्धापूर्वक किया गया कोई भी कर्म श्राद्ध कहलाता है. तर्पण में पितरों का स्मरण करते हुए जल अर्पित किया जाता है जबकि पिंडदान में पिंड बनाकर पितरों के निमित्त अर्पित किए जाते हैं, इसलिए तीनों पूरी तरह अलग-अलग नहीं हैं. तर्पण और पिंडदान भी श्राद्ध का ही हिस्सा माने जाते हैं. सरल भाषा में समझें, तो श्राद्ध मुख्य शब्द है, तर्पण उसकी एक विधि है और पिंडदान भी श्राद्ध कर्म का एक स्वरूप है. हालांकि हर श्राद्ध में पिंडदान करना जरूरी हो, ऐसा नहीं है. व्यक्ति की स्थिति और पहले किए गए धार्मिक कर्म के अनुसार विधि तय होती है.

श्राद्ध कब करना चाहिए?
पंडित ठक्कर ने बताया कि शास्त्रों में 99 वर्ष में 99 श्राद्ध बताए गए हैं. हालांकि समय के अभाव या अन्य कारणों से व्यक्ति सभी श्राद्ध नहीं कर पाता. ऐसे में वर्ष में दो अवसर विशेष रूप से महत्वपूर्ण माने गए हैं. पहला अपने पितर की पुण्यतिथि और दूसरा महालय यानी पितृपक्ष में किया जाना चाहिए. पितरों की पुण्यतिथि पर उनकी मृत्यु तिथि के अनुसार श्राद्ध किया जाता है. वहीं पितृपक्ष में भी अपने पूर्वजों के निमित्त श्राद्ध किया जाता है.

तर्पण कब और किस विधि से करें?
पंडित ठक्कर के अनुसार, शास्त्रों में ब्राह्मण, क्षत्रिय और वैश्य के लिए तर्पण ही करने का विधान बताया गया है. तर्पण में पितरों के निमित्त जल अर्पित किया जाता है. इसमें पितरों का स्मरण कर संकल्प के साथ निर्धारित विधि से जल और परंपरा के अनुसार तिल आदि अर्पित किए जाते हैं. पितृपक्ष के अलाव निर्धारित अवसरों पर भी इसे किया जाता है.

पिंडदान कब और किस विधि से करें?
पंडित के अनुसार, श्राद्ध और पिंडदान पितरों की तिथि पर किए जाते हैं. पिंडदान में पितरों के निमित्त पिंड अर्पित किए जाते हैं. पिंड बनाने और अर्पित करने की विधि संबंधित धार्मिक परंपरा और स्थान के अनुसार होती है. पिंडदान का विशेष महत्व उन धार्मिक स्थलों पर माना जाता है, जहां पितरों के निमित्त यह कर्म कराने की परंपरा है. गया जी और ब्रह्मकपाली में पिंडदान करने की भी परंपरा है.

गया जी में पिंडदान कर चुके हैं तो दोबारा क्या करें?
पंडित जगदीश ठक्कर कहते हैं कि जिन लोगों ने गया जी या ब्रह्मकपाली में अपने पितरों के निमित्त पिंडदान कर दिया है, उन्हें दोबारा पिंडदान करने की आवश्यकता नहीं है. इसके बाद उन्हें पितरों के निमित्त तर्पण करना चाहिए अर्थात गया जी या ब्रह्मकपाली में पिंडदान कर चुके व्यक्ति के लिए पितृपक्ष में फिर से पिंडदान करना जरूरी नहीं बताया गया है. वे तर्पण की परंपरा का पालन करें.

क्या श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान एक साथ कर सकते हैं?
शास्त्रों के मुताबिक, एक ही श्राद्ध कर्म में तर्पण और पिंडदान दोनों शामिल हो सकते हैं. हर बार तीनों को अलग-अलग करना जरूरी नहीं है. इसका कारण यह है कि श्राद्ध एक व्यापक कर्म है जबकि तर्पण और पिंडदान उसके अलग-अलग स्वरूप है, इसलिए यदि किसी पितृ की पुण्यतिथि पर श्राद्ध किया जा रहा है, तो उस श्राद्ध की विधि में तर्पण या पिंडदान भी किया जा सकता है.



Source link