Congress Party Protest In Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर कई जिलों में लगातार प्रदर्शन कर रही है. जहां इंदौर में पुलिस से धक्का-मुक्की हुई है. वहीं ग्वालियर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बैरिकेड्स को तोड़ दिया. पुलिस ने इसके लिए पूरा इंतजाम किया था. कई जिलों में पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, क्योंकि कांग्रेसी कार्यकर्ता बैरिकेड्स तोड़कर कलेक्ट्रेक्ट में घुस गए थे.
इंदौर में कांग्रेस का पैदल मार्च
इंदौर में कांग्रेस ने हरसिद्धि चौराहे से कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला है. बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए हैं. शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में पैदल मार्च निकाला गया है. इस दौरान कांग्रेस ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और निर्णय प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं. कांग्रेस के पैदल मार्च को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है.
देवास में भी कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
देवास में SIR के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. कांग्रेसियों ने महात्मा गांधी प्रतिमा से कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला. इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की शव यात्रा निकालकर पुतला दहन किया गया. कांग्रेस नेताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे.
ग्वालियर में कलेक्ट्रेट में कांग्रेस का प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर ग्वालियर में भी कांग्रेसियों ने मोर्चा खोल दिया. जिले भर से आए सैकड़ो कांग्रेसी रैली निकाल कर कलेक्ट्रेट पहुंचे. जहां कांग्रेसियों ने जोरदार प्रदर्शन किया. प्रशासन को सौपे गए ज्ञापन में कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को BJP का मददगार बताते हुए तत्काल इस्तीफा मांगा है.
मंदसौर में कांग्रेस का प्रदर्शन
मंदसौर में भी कांग्रेस का प्रदर्शन देखने को मिला, जब कांग्रेसी शहर के गांधी चौराहे से कलेक्ट्रेट पहुंचे. बताया जा रहा है कि उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की. यह नारे ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के खिलाफ लगाए हैं.
सीहोर में कांग्रेसियों ने तोड़े बैरिकेड्स
ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर सीहोर कलेक्ट्रेट में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन देखने को मिला. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगाए जमकर नारे. इसके अलावा प्रदर्शन के दौरान बैरिकेड्स तोड़कर कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यकर्ता घुस गए. सीहोर कलेक्ट्रेट में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते नजर आए. प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर गए. घटना के दौरान कलेक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था में कथित चूक सामने आई, जिसके बाद पुलिस की तैनाती और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
छिंदवाड़ा में भी कांग्रेस का प्रदर्शन का ऐलान
छिंदवाड़ा में भी चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस प्रदर्शन करेगी. कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे. घेराव को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं.
भिंड में कांग्रेस का उग्र आंदोलन
भिंड में कांग्रेस का SIR के विरोध में उग्र आंदोलन देखने को मिला है. कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष रामशेष बघेल एवं शहर जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र भदौरिया के नेतृत्व में परेड चौराहे पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेसियों ने पीएम नरेंद्र मोदी, ग्रह मंत्री अमित शाह, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने भारी संख्या में पहुंचे हैं. इस दौरान पुलिस की ओर से कांग्रेसियों के बीच झूमा झटकी भी हुई है. पुलिस ने वाटर कैनन की मदद से पुतला दहन रोकने की कोशिश की. कांग्रेसियों ने ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग की है.
हरदा में कांग्रेस का प्रदर्शन
हरदा में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी कांग्रेस का प्रदर्शन देखने को मिला है. प्रतीकात्मक रूप से चुनाव आयुक्त बने कांग्रेस कार्यकर्ता को जंजीरों में बांधकर कांग्रेसी लाए और वोटों में हेर-फेर का आरोप है.
मंडला में कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प
मंडला में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में कांग्रेसियों का हल्ला बोल प्रदर्शन देखने को मिला है. नेहरू स्मारक चौराहे से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और जमकर नारेबाजी की. कांग्रेसी प्रदर्शकारियों को रोकने पुलिस ने कलक्ट्रेट से 25 मीटर की दूरी पर बैरीकेड्स लगाए. बैरीकेड्स को कांग्रेसियों ने तोड़ने की कोशिश की और इस दौरान पुलिस ने कांग्रेसियों को रोकने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. पुलिस और कांग्रेसियों के बीच हल्की झड़प हुई है. बैरीकेड्स के सामने ही प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया है. कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाए जाने और गिरफ्तारी की मांग की है.