Last Updated:
शम्मी कपूर की पत्नी नीला देवी ने अपने जन्मदिन से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया है, जिसे याद कर आज भी उनके चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. साल 1968 में नीला शम्मी कपूर की बहुत बड़ी फैन थीं और जन्मदिन पर उनकी सबसे खास ख्वाहिश थी कि शम्मी उनकी पार्टी में आएं. परिवार ने उन्हें बुलाया भी, लेकिन शम्मी पार्टी में नहीं पहुंच सके. दिलचस्प बात ये है कि उस एक बर्थडे पार्टी में न पहुंच पाने की ‘भरपाई’ शम्मी कपूर को बाद में पूरी जिंदगी करनी पड़ी.
पत्नी ने खोला ये बड़ा राज
नई दिल्ली. दिग्गज अभिनेता शम्मी कपूर की पत्नी नीला देवी,शादी से पहले उनकी बहुत बड़ी फैन थीं. लेकिन बाद में दोनों पति-पत्नी बन गए थे.अब उन्होंने एक ऐसा किस्सा शेयर किया है, जिसे वह आज भी नहीं भूल पाई हैं. साल 1968 में नीला देवी ने अपने जन्मदिन पर शम्मी कपूर को इंवाइट किया था. लेकिन वह पहुंच नहीं पाए थे. लेकिन शम्मी उस दिन पार्टी में नहीं पहुंच पाए.
नीला देवी ने यह किस्सा अपने भतीजे और अभिनेता जतिन सियाल के साथ बातचीत में बताया. जतिन सियाल दिग्गज अभिनेता पृथ्वीराज कपूर के पोते हैं. बातचीत के दौरान जब उन्होंने नीला से उनके किसी यादगार जन्मदिन के बारे में पूछा, तो उन्होंने साल 1968 का वही किस्सा सुनाया.
भाई ने पूछी थी नीला की इच्छा
नीला ने इस खास मौके पर बताया कि वह बचपन से ही शम्मी कपूर को पसंद करती थीं, लेकिन उस समय तक उनकी उनसे मुलाकात भी नहीं हुई थी. उन्होंने कहा, “मैं बचपन से शम्मी कपूर को बहुत पसंद करती थी, लेकिन उनसे कभी मुलाकात तक नहीं हुई थी. आपको हैरानी होगी, एक ऐसा जन्मदिन था जब वह आए ही नहीं. यही सबसे खास बात है. उन्होंने बताया कि उनके भाई ने जन्मदिन पर उनके लिए एक पार्टी रखी थी. जब भाई ने उनसे पूछा कि वह किस खास शख्स को बुलाना चाहती हैं, तो नीला ने बिना देर किए शम्मी कपूर का नाम लिया.
शम्मी कपूर को जिंदगीभर करनी पड़ी भरपाई
नीला के मुताबिक, उनके भाई ने शम्मी कपूर को फोन किया. उस वक्त शम्मी हाल ही में कलकत्ता से लौटे थे, जहां वह फिल्म ‘ब्रह्मचारी’ के प्रीमियर के लिए गए थे. वापस आने के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई थी. इसी वजह से उन्होंने पार्टी में आने में असमर्थता जताई. शम्मी कपूर ने नीला के भाई से यह भी कहा था कि वह इस बात की भरपाई जरूर करेंगे, क्योंकि नीला उनकी फैन हैं और वह उनके लिए कुछ खास करना चाहते हैं. नीला ने मजाकिया अंदाज में बताया कि उस दिन पार्टी में नहीं पहुंच पाने की भरपाई शम्मी कपूर को बाद में जिंदगी भर करनी पड़ी.
बता दें कि दिलचस्प बात यह है कि उस जन्मदिन के कुछ ही महीनों बाद नीला देवी और शम्मी कपूर की शादी हो गई. दोनों ने 27 जनवरी 1969 को मुंबई में शम्मी कपूर के घर पर परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की थी. नीला देवी से शादी से पहले शम्मी कपूर अभिनेत्री गीता बाली के साथ शादीशुदा जिंदगी बिता चुके थे. दोनों की मुलाकात फिल्म के सेट पर हुई थी. मुलाकात धीरे-धीरे प्यार में बदली और साल 1955 में दोनों ने शादी कर ली. उनके दो बच्चे हुए, आदित्य राज कपूर और कंचन.जनवरी 1965 में गीता बाली का चेचक की वजह से महज 34 साल की उम्र में निधन हो गया. उनकी मौत का शम्मी कपूर पर गहरा असर पड़ा था. उस समय वह फिल्म ‘तीसरी मंजिल’ की शूटिंग कर रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गीता के निधन के बाद उन्होंने कुछ समय के लिए फिल्मों की शूटिंग से दूरी बना ली थी.