Last Updated:
SRIT India IPO : SRIT India का IPO 28 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था. ₹218.4 करोड़ के IPO का प्राइस बैंड ₹123 से ₹130 प्रति शेयर था. आईपीओ 125 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ है. ग्रे मार्केट में भी एसआरआईटी आईपीओ के शेयर प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं.
एसआरआईटी इंडिया आईपीओ के शेयर ग्रे मार्केट में प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं.
नई दिल्ली. बेंगलुरु की आईटी सॉल्यूशंस कंपनी एसआरआईटी इंडिया (SRIT India) के आईपीओ पर लोग टूटकर पड़े हैं. इश्यू के तीसरे और अंतिम दिन निवेशकों का उत्साह इस कदर चरम पर था कि हर कैटेगरी में बोलियों की बाढ़ आ गई. 30 सितंबर को शाम 5 बजे तक यह पब्लिक इश्यू कुल 125.13 गुना सब्सक्राइब होकर बंद हुआ. संस्थागत खरीदारों से लेकर आम रिटेल निवेशकों तक ने इस इश्यू को हाथों-हाथ लिया और खूब पैसा लगाया. ₹218.4 करोड़ के IPO के तहत कंपनी ने 1,17,60,000 शेयर ऑफर किए थे.
एसआरआईटी इंडिया आईपीओ के सब्सक्रिप्शन के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा बोलियां नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) कैटेगरी में मिली. यह हिस्सा 312.98 गुना सब्सक्राइब हुआ. वहीं क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का कोटा 91.84 गुना भरा. छोटे और आम रिटेल निवेशकों ने भी पीछे न रहते हुए अपने हिस्से को 63.64 गुना सब्सक्राइब कर डाला. निवेशकों की इस बेतहाशा दिलचस्पी से यह साफ हो गया कि बाजार को कंपनी के भविष्य और इसकी ग्रोथ स्टोरी पर पूरा भरोसा है.
28 सितंबर को खुला था आईपीओ
SRIT India का IPO 28 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और 30 सितंबर को बंद हुआ है. कंपनी ने IPO के लिए ₹123 से ₹130 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया था. IPO का लॉट साइज 115 शेयर का था. यानी अपर प्राइस बैंड के हिसाब से रिटेल निवेशकों को कम से कम ₹14,950 का निवेश इस आईपीओ में करना था.
GMP दे रहा मजबूत लिस्टिंग के संकेत
बोली लगाने के आखिरी दिन ग्रे मार्केट में भी इस शेयर की भारी डिमांड देखने को मिली. कंपनी के अनलिस्टेड शेयर 27 फीसदी के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं. हालांकि ग्रे मार्केट प्रीमियम केवल बाजार के मूड का एक अनौपचारिक संकेत होता है और यह किसी वास्तविक लिस्टिंग कीमत की गारंटी नहीं देता, लेकिन इस मजबूत जीएमपी ने निवेशकों के बीच लिस्टिंग गेन की उम्मीदों को काफी हवा दे दी है.
क्या करती है कंपनी
एसआरआईटी इंडिया का बिजनेस मॉडल मजबूत और डाइवर्सिफाइड है. बेंगलुरु स्थित यह आईटी और आईटीईएस कंपनी भारत और चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सरकारी संस्थाओं और बड़े कॉरपोरेट्स को डिजिटल सॉल्यूशंस, सिस्टम इंटीग्रेशन और कस्टम सॉफ्टवेयर मुहैया कराती है.
कंपनी हेल्थकेयर, ई-गवर्नेंस और टेलीकॉम जैसे बेहद मजबूत सेक्टर्स में काम करती है. कंपनी ने अपने मुख्य प्रोडक्ट्स में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सॉल्यूशंस को जोड़ना शुरू कर दिया है, जो भविष्य के लिहाज से ग्रोथ का सबसे बड़ा इंजन माना जा रहा है.
(Disclaimer: IPO में किया गया निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. यदि आप आईपीओ में पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)