Last Updated:
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 बुधवार को अचानक गंभीर संकट में फंस गई. विमान ने पहले इमरजेंसी कोड 7700 और फिर हाइजैकिंग से जुड़ा कोड 7500 प्रसारित किया. इसी दौरान विमान करीब 34 हजार फीट से अचानक 17 हजार फीट तक नीचे आ गया और बाद में करीब 15 हजार फीट पर उड़ता रहा. चलिये जानते हैं तेल अवीव के एयरपोर्ट से न्यूज18 इंडिया की ग्राउंड रिपोर्ट…
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हाईजैकिंग के अलर्ट ने सबके होश उड़ा दिए.
दुबई से इजरायल की राजधानी तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट बुधवार को अचानक ऐसे संकट में फंस गई कि कुछ देर के लिए इसे हाइजैक तक समझ लिया गया. विमान ने पहले इमरजेंसी सिग्नल भेजा, फिर अंतरराष्ट्रीय हाइजैक कोड 7500 ट्रांसमिट हुआ और देखते ही देखते विमान ने गोता लगाते हुए अचानक 15 हजार फीट की ऊंचाई पर आ गया. तेल अवीव एयरपोर्ट पर मौजूद News18 इंडिया संवाददाता ने बताया कि विमान के पायलट और को-पायलट के बीच कॉकपिट के अंदर ही लड़ाई हो गई थी, जिसमें एक पायलट ने दूसरे को चाकू घोंप दिया. इस कारण से विमान में सवार 180 यात्रियों की जान हलक में अटक गई.
प्रीति के मुताबिक, कुछ यात्रियों ने कॉकपिट में जाकर दोनों पायलटों के बीच झगड़े को रोकने और स्थिति संभालने की कोशिश की. इसके बाद इज़राइली एयरफोर्स की टीम भेजी गई है, ताकि सभी यात्रियों को सुरक्षित लाया जा सके, वहीं तेल अवीव एयरपोर्ट पर इन यात्रियों के रिश्तेदार उनका इंतजार कर रहे हैं.
अचानक 34 हजार फीट से 17 हजार फीट नीचे आया विमान
यह मामला फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 का है, जो दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई थी. उड़ान के करीब दो घंटे बाद विमान ने सामान्य आपात स्थिति का संकेत देने वाला स्क्वॉक 7700 अलर्ट भेजा. यह कोड प्लेन हाईजैकिंग से जुड़ा था.
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा ने जमीन पर मौजूद अधिकारियों की चिंता और बढ़ा दी. हाईजैकिंग कोड ट्रांसमिट होने के वक्त विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, लेकिन कुछ ही समय में अचानक लगभग 17 हजार फीट तक नीचे आ गया. इसके बाद विमान ने फिर ऊंचाई हासिल करने की कोशिश की और बाद में करीब 15 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ता रहा.
विमान की इस असामान्य गतिविधि और हाइजैक कोड के चलते इजरायल में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं. इजरायली वायुसेना के लड़ाकू विमानों को भी विमान की ओर भेजा गया. वहीं प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों के साथ इमर्जेंसी बैठक कर हालात पर चर्चा की.
कॉकपिट से आई चीखें, यात्रियों ने देखा खून
जमीन पर सुरक्षा एजेंसियां किसी संभावित हाइजैकिंग की आशंका के मद्देनजर तैयारी कर रही थीं. वहीं विमान के अंदर बेहद तनावपूर्ण हालात बन गए. यात्रियों के मुताबिक, कॉकपिट की तरफ से चीखने की आवाजें सुनाई दीं. बाद में कॉकपिट खुलने पर वहां खून भी दिखाई दिया.
एक यात्री के मुताबिक, घटना के दौरान यात्रियों को समझ आ गया था कि कॉकपिट में कुछ गंभीर हो रहा है. कुछ यात्रियों ने कथित तौर पर कॉकपिट में जाकर स्थिति संभालने की कोशिश भी की.
हाइजैकिंग नहीं, पायलटों की लड़ाई निकली?
विमान जब सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा तो पूरे मामले की तस्वीर कुछ हद तक साफ हुई. इजरायली अधिकारियों ने बाद में कहा कि शुरुआती तौर पर यह घटना हाइजैकिंग नहीं मानी जा रही है. इसके बजाय इमरजेंसी सिग्नल और विमान की असामान्य गतिविधियों को कॉकपिट में पायलटों के बीच हुई हिंसक झड़प से जोड़कर देखा जा रहा है.