Last Updated:
Indore Milk Price Hike: इंदौर में आम जनता पर अब मंहगाई की मार पड़ने वाली है, क्योंकि चीनी के दाम बढ़ने के बाद अब दूध के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं. डेयरी से मिलने वाले दूध पर अब दो रुपए बढ़ाए गए हैं. अब ग्राहकों को पहले से ज्यादा कीमत चुकानी होगी. बताया जा रहा है कि दूध की नई दरें एक अक्टूबर से लागू होंगी.
इंदौर में बढ़े दूध के दाम (AI तस्वीर)
Indore Milk Price Hike: इंदौर में आम जनता पर महंगाई की एक और मार पड़ी है. चीनी के दाम बढ़ने के बाद अब दूध भी महंगा हो गया है. दूध व्यापारी एसोसिएशन ने दूध की कीमत में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी का फैसला किया है. नई दरें 1 अक्टूबर से लागू होंगी. नई दरों के मुताबिक घर पहुंचने वाला दूध, जो अभी 63 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है, अब 65 रुपए प्रति लीटर मिलेगा. वहीं डेयरी से मिलने वाले दूध की कीमत 66 रुपए से बढ़कर 68 रुपए प्रति लीटर हो जाएगी.
दूध व्यापारी एसोसिएशन ने क्यों बढ़ाए दूध के दाम?
दूध व्यापारी एसोसिएशन के मुताबिक पशु आहार की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है. इसके अलावा बारिश नहीं होने के कारण पशुपालकों और दूध कारोबारियों की लागत बढ़ी है. इसी वजह से इंदौर संभाग में दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया है.
डेयरी संचालक वसूल रहे तीन रुपए एक्सट्रा
हालांकि, एसोसिएशन के सामने दूध की मनमानी कीमत वसूली की शिकायतें भी पहुंच रही हैं. कई इलाकों में दूध पहले से ही 68 रुपए प्रति लीटर तक बिक रहा है, जबकि कुछ डेयरी संचालकों द्वारा 3 रुपए तक ज्यादा वसूले जाने की बात सामने आई है.
दूध व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष भरत मथुरावाला ने कहा कि तय दर से ज्यादा कीमत वसूलने वाले दूध व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने इंदौर की जनता से भी अपील की है कि ग्राहक दूध की तय कीमत की जानकारी रखें और मनमानी कीमत वसूले जाने पर शिकायत करें. अब एक अक्टूबर से इंदौर के हर घर के रोजमर्रा के बजट पर दूध की बढ़ी कीमत का असर जरूर दिखाई देगा.
(रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता)