Last Updated:
Lucknow News : उत्तर प्रदेश के लखनऊ से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां एक 6 मंजिला अपार्टमेंट को गिराने की तैयारी चल रही है. दरअसल, सोमवार को एक पिलर टूट गया था. उसके बाद जांच शुरू हुई और फिर कई अनियमितताएं मिलीं.
एसए अपार्टमेंट को गिराया जाएगा.
लखनऊ : लखनऊ के गोलागंज के बारूदखाना में बने छह मंजिला एसए अपार्टमेंट पर अब ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की तैयारी है. करीब चार हजार वर्गफीट में बने इस अपार्टमेंट का सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे अचानक एक आरसीसी पिलर टूट गया था. इसके बाद एलडीए की टीम मौके पर पहुंची और भवन की जांच शुरू की. जांच में निर्माण से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आई हैं.
एलडीए के रिकॉर्ड के मुताबिक, भवन के लिए 25 मई 2009 को आवेदन किया गया था और 12 अगस्त 2009 को सिर्फ तीन मंजिल का नक्शा पास हुआ था. इसके बावजूद ऊपर की तीन मंजिलें बिना नक्शा पास कराए बना दी गईं. यानी स्वीकृत नक्शे के विपरीत भवन को छह मंजिल तक बनाया गया. जांच में यह भी सामने आया कि भवन के ज्यादातर कॉलम ईंटों से बनाए गए हैं. वहीं, नियमानुसार बिल्डिंग के चारों तरफ सेटबैक छोड़ा जाना था, लेकिन सेटबैक की जगह पर ही पिलर खड़े कर दिए गए. भवन की संरचनात्मक स्थिति को लेकर एलडीए ने गंभीर चिंता जताई है.
फिलहाल इमारत को अपने आप गिरने से रोकने के लिए करीब 80 हाइड्रोलिक जैक लगाए गए हैं. इसका मकसद यह है कि अचानक भवन गिरने से कोई जनहानि या मालहानि न हो और अंदर रह रहे लोग अपना जरूरी सामान सुरक्षित तरीके से निकाल सकें. अपार्टमेंट के चारों तरफ बैरिकेडिंग कर दी गई है और सुरक्षा के लिए पुलिस भी तैनात की गई है.
एलडीए की स्ट्रक्चर ऑडिट टीम भी मौके पर स्थलीय निरीक्षण करेगी और भवन की संरचनात्मक स्थिति का आकलन करेगी. वहीं, एलडीए अब नए सिरे से नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी में है. इससे पहले अलीगंज में आग लगने वाले अवैध कॉम्प्लेक्स के खिलाफ भी एलडीए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर चुका है. अब गोलागंज का यह छह मंजिला अपार्टमेंट भी एलडीए की कार्रवाई के दायरे में आ सकता है.