ईरानी कप में इन 4 खिलाड़ियों पर रहेंगी सिलेक्टर्स की नजर, कौन पाएगा NZ की टिकट
Last Updated:
Irani Cup 2026: श्रीनगर के खूबसूरत शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में भले ही रेस्ट ऑफ इंडिया और रणजी चैंपियन जम्मू-कश्मीर का मुकाबला हो, लेकिन ईरानी कप के इस मुकाबले का सीधा असर न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुनी जाने वाली भारतीय टेस्ट टीम पर भी पड़ेगा. इस मैच में कम से कम चार खिलाड़ी ऐसे हैं जो टीम इंडिया में अपनी जगह की दावेदारी ठोकेंगे.
ईरानी कप से चुनी जाएगी भारतीय टेस्ट टीम?
श्रीनगर: 1 अक्टूबर से भारत के एक बड़े घरेलू टूर्नामेंट की शुरुआत हो रही है. श्रीनगर में मौजूदा रणजी चैंपियन जम्मू कश्मीर और रेस्ट ऑफ इंडिया (शेष भारत) के बीच मैच सुबह 9:30 बजे से पांच दिवसीय मुकाबला खेला जाएगा. मुकाबला भले ही देश में हो रहा हो, लेकिन इसका नतीजा विदेशी दौरे पर नजर आएगा. मैदान पर उतरने वाले कई खिलाड़ियों के लिए यह मुकाबला भारतीय टेस्ट टीम का दरवाजा खोलने का मौका भी है. कम से कम दो नेशनल सिलेक्टर्स की मौजूदगी में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी.
जम्मू कश्मीर को अपने लोकल स्टार आकिब नबी की कमी खलेगी, जो अभी भारतीय वनडे टीम के साथ हैं.
- आकाशदीप पर रहेंगे सारी निगाहें
कमर में खिंचाव के कारण सात महीने तक मैदान से दूर रहने के बाद वापसी कर रहे तेज गेंदबाज आकाशदीप रेस्ट ऑफ इंडिया टीम के लिए अपना बेस्ट देने की कोशिश करेंगे. वह आखिरी बार फरवरी में रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में खेले थे और अब उन्हें सात महीने के रिहैबिलिटेशन के बाद अपनी फिटनेस साबित करने के साथ-साथ गेंदबाजी की लय हासिल करने का मौका मिलेगा. आकाशदीप न्यूजीलैंड दौरे के लिए जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ के साथ पांचवां तेज गेंदबाज बनने की दौड़ में हैं. - 100 परसेंट देना चाहेंगे सरफराज खान
सरफराज खान लंबे समय से टेस्ट क्रिकेट के दरवाजे पर दस्तक देते रहे हैं और इस मुकाबले में उनके पास एक बार फिर अपनी दावेदारी मजबूत करने का मौका होगा. 2024 में राजकोट टेस्ट से डेब्यू करने के बाद 2024 में ही वह भारत के लिए आखिरी बार खेलते नजर आए थे. उन्हें श्रीलंका दौरे पर टीम में जरूर चुना गया था, लेकिन प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना पाए. - मानव सुथार पर सिलेक्टर्स को करना चाहेंगे इम्प्रेस
स्पिन विभाग में मानव सुथार पर भी नजर रहेगी. ऐसे मुकाबलों में उनका प्रदर्शन भारतीय टीम के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है. लेफ्टआर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिनर सुथार ठीक-ठीक बल्लेबाजी भी करना जानते हैं. श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने बढ़िया प्रदर्शन किया था, उन्हें रवींद्र जडेजा के रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा जा रहा है. - क्या आर स्मरण को मिलेगा भारतीय टीम में मौका?
वहीं घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन के दम पर आर स्मरण सरीखे युवा बल्लेबाज भी चयनकर्ताओं का ध्यान खींचना चाहेंगे. आर स्मरण ने कर्नाटक के लिए रणजी ट्रॉफी में रनों की झड़ी लगाई थी. टॉप ऑर्डर के लेफ्ट हैंड बल्लेबाज स्मरण राइट आर्म ऑफ ब्रेक बॉलिंग करना भी जानते हैं. वह भले ही न्यूजीलैंड दौरे पर टीम में न चुने जाए, लेकिन सिलेक्टर्स को इम्प्रेस तो करना ही चाहेंगे.
रेस्ट ऑफ इंडिया का स्क्वॉड: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), सनत सांगवान, आर. स्मरण, आयुष दोसेजा, सरफराज खान (उपकप्तान), शिखर मोहन, सुदीप कुमार घरामी, सारांश जैन, अनुकूल रॉय, आकाश दीप, आर्यन पांडे, मानव सुथार, मुकेश कुमार और मुकेश चौधरी
जम्मू-कश्मीर का स्क्वॉड: पारस डोगरा (कप्तान), कामरान इकबाल, शुभम खजूरिया, यावेर हसन, शुभम पुंडीर, कन्हैया वधावन (विकेटकीपर), आबिद मुश्ताक, कवलप्रीत सिंह, सुनील कुमार, उमर नजीर, साहिल लोत्रा, वंशज शर्मा, नासिर लोन और रोहित शर्मा