Gen Z के लिए नैनीताल बैंक का डिजिटल धमाका, NAINI NEO ऐप में UPI से ऑनलाइन लोन तक, एक क्लिक में मिलेंगी कई सुविधा

Gen Z के लिए नैनीताल बैंक का डिजिटल धमाका, NAINI NEO ऐप में UPI से ऑनलाइन लोन तक, एक क्लिक में मिलेंगी कई सुविधा


नैनीताल: बदलते दौर के साथ बैंकिंग का तरीका भी तेजी से बदल रहा है. खासकर युवा पीढ़ी अब बैंकिंग के लिए लंबी कतारों और बार-बार शाखा जाने के बजाय मोबाइल से ही अधिकतर काम करना पसंद करती है. इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए नैनीताल बैंक ने अपने मोबाइल बैंकिंग एप्लीकेशन NAINI NEO में कई डिजिटल सुविधाओं को जोड़ा है. बैंक के अधिकारियों के मुताबिक, ऐप को खास तौर पर युवा और Gen Z ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है.

NAINI NEO के जरिए ग्राहकों को UPI, फंड ट्रांसफर, FD और RD जैसी सुविधाएं मोबाइल से ही उपलब्ध कराई जा रही हैं. इसके अलावा ऐप में लोन के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का विकल्प भी दिया गया है. बैंक का कहना है कि इसका उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं को अधिक आसान और सुविधाजनक बनाना है, ताकि ग्राहकों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बार-बार बैंक शाखा का रुख न करना पड़े.

पिछले साल शुरू हुआ था NAINI NEO

नैनीताल बैंक के मुख्य जोखिम अधिकारी मुहम्मद मौसिन इस्लाम ने बताया कि NAINI NEO मोबाइल बैंकिंग एप्लीकेशन को बैंक ने पिछले साल विकसित किया था. शुरुआत में यह एक सामान्य यानी बेसिक एप्लीकेशन थी, लेकिन समय के साथ इसमें लगातार नए फीचर जोड़े गए. उन्होंने बताया कि अब ऐप में FD, RD, UPI, फंड ट्रांसफर और लोन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं. बैंक का फोकस इसे खासतौर पर Gen Z के लिए उपयोगी डिजिटल बैंकिंग प्लेटफॉर्म बनाने पर है.

मोबाइल से लोन के लिए कर सकते हैं आवेदन

NAINI NEO की एक अहम सुविधा मोबाइल के जरिए लोन के लिए आवेदन करना है. मौसिन इस्लाम के मुताबिक, ग्राहक ऐप में जाकर लोन सेक्शन में आवेदन कर सकते हैं. आवेदन करने के बाद ग्राहक की रिक्वेस्ट ऑनलाइन संबंधित बैंक शाखा तक पहुंचती है. इसके बाद शाखा की ओर से ग्राहक से फोन पर संपर्क किया जाता है और आगे की प्रक्रिया पूरी की जाती है. बैंक के अनुसार, Gen Z ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग जरूरतों के लिए लोन प्रोडक्ट भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इनमें ‘नैनी सुहाना सफर’ कार लोन, ‘नैनी अपना आशियाना’ होम लोन और ‘नैनी ज्ञानी’ एजुकेशन लोन शामिल हैं.

स्कूल से नौकरी तक बैंकिंग से जोड़ने की कोशिश

बैंक अधिकारी के मुताबिक, युवाओं को शुरुआती उम्र से बैंकिंग सिस्टम से जोड़ने पर भी ध्यान दिया जा रहा है. स्कूल में पढ़ाई के दौरान छात्र जीरो बैलेंस स्टूडेंट अकाउंट खोल सकते हैं. इसके बाद कॉलेज में पढ़ाई के दौरान खाते का इस्तेमाल UPI और दूसरी डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं के लिए किया जा सकता है. नौकरी शुरू करने के बाद यही बैंकिंग संबंध सैलरी अकाउंट तक आगे बढ़ सकता है. उन्होंने बताया कि नैनीताल बैंक की ओर से सैलरी अकाउंट पर ब्याज देने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है.

एजुकेशन लोन में 7.5 लाख तक कोलेटरल-फ्री सुविधा

बैंक अधिकारी के अनुसार, ऐप के जरिए एजुकेशन लोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है. इसमें पात्र छात्रों को 7.5 लाख रुपये तक का कोलेटरल-फ्री लोन (बिना कुछ गिरवी रखे) दिए जाने की बात कही गई है. इसके लिए छात्र का किसी संस्थान में एडमिशन होना और निर्धारित प्रवेश परीक्षा पास करना जरूरी होगा. हालांकि, अंतिम स्वीकृति बैंक की पात्रता और दस्तावेजों की जांच के आधार पर होगी.

होम और कार लोन की ब्याज दरें

नैनीताल बैंक के अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में होम लोन के लिए 7.15 प्रतिशत और वाहन लोन के लिए 7.61 प्रतिशत की ब्याज दर बताई गई है. बैंक का दावा है कि ये दरें प्रतिस्पर्धी हैं. वास्तविक ब्याज दर ग्राहक की पात्रता, लोन की शर्तों और बैंक की लागू नीति के अनुसार अलग हो सकती है.

त्योहारी सीजन में प्रोसेसिंग और डॉक्यूमेंटेशन चार्ज में राहत

त्योहारी सीजन को देखते हुए बैंक की ओर से लोन ग्राहकों के लिए विशेष योजना भी शुरू की जा रही है. मौसिन इस्लाम के मुताबिक, 15 अक्टूबर से लोन लेने वाले ग्राहकों को प्रोसेसिंग चार्ज और डॉक्यूमेंटेशन चार्ज से छूट देने की योजना शुरू होगी. नैनीताल बैंक का कहना है कि NAINI NEO को लगातार नए फीचर्स से अपडेट किया जा रहा है. UPI से लेकर निवेश और लोन तक की सुविधाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाने का मकसद खास तौर पर युवा ग्राहकों के लिए बैंकिंग को तेज, सरल और डिजिटल बनाना है.



Source link