Last Updated:
Bonus share : मोल्ड-टेक टेक्नोलॉजीज इंजीनियरिंग व टेक्नोलॉजी सॉल्यूशन प्रदाता कंपनी है. कंपनी का शेयर कल करीब 3 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ था. कंपनी ने 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर देने की घोषणा की है.
कंपनी का कारोबार भारत के अलावा अमेरिका और ब्रिटेन में भी फैला हुआ है.
नई दिल्ली. इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी सर्विसेज कंपनी मोल्ड-टेक टेक्नोलॉजीज (Mold-Tek Technologies) ने इस साल निवेशकों को खूब पैसा बनाकर दिया है. पिछले छह महीनों में इस शेयर ने निवेशकों को लगभग 80 फीसदी रिटर्न दिया है. वहीं, साल 2026 में अब तक इस स्टॉक का रेट करीब 35 फीसदी बढ़ चुका है. पिछले कारोबारी सत्र यानी मंगलवार को मोल्ड टेक टेक्नोलॉजीज शेयर 2.78 फीसदी की बढ़त के साथ 202.78 रुपये पर बंद हुआ. कंपनी ने अपने शेयरधारकों को 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर देने की घोषणा की है. यानी इलिजिबल इन्वेस्टर्स को प्रत्येक एक शेयर के बदले एक नया शेयर मिलेगा. बोनस शेयर के लिए रिकॉर्ड डेट 9 अक्टूबर 2026 तय की है.
कंपनी की एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, बोर्ड ने 2 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 2 रुपये फेस वैल्यू वाला एक अतिरिक्त बोनस इक्विटी शेयर जारी किया जाएगा. इसका सीधा मतलब यह है कि अगर रिकॉर्ड डेट तक किसी निवेशक के खाते में कंपनी के 50 शेयर मौजूद हैं, तो उसे 50 नए बोनस शेयर बिल्कुल मुफ्त मिलेंगे. निवेशक 9 अक्टूबर 2026 तक कंपनी के शेयर अपने डीमैट खाते में रखेंगे, वे ही इस 1:1 बोनस के हकदार होंगे. इसके अलावा, कंपनी ने बोनस शेयरों के अलॉटमेंट की डीम्ड डेट 12 अक्टूबर 2026 तय की है, जिसके बाद नए शेयर सीधे शेयरधारकों के खातों में क्रेडिट कर दिए जाएंगे.
कहां से जारी होंगे बोनस शेयर?
फाइलिंग में कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बोनस शेयर जारी करने के लिए आवश्यक पूंजी उसके सिक्योरिटीज प्रीमियम अकाउंट, फ्री रिजर्व या अन्य पात्र रिजर्व/सरप्लस फंड से ली जाएगी. जारी किए जाने वाले सभी नए बोनस शेयर पूरी तरह से पेड-अप (Fully Paid-up) होंगे और उन्हें मौजूदा इक्विटी शेयरों के बराबर ही वोटिंग और डिविडेंड जैसे सभी अधिकार प्राप्त होंगे.
क्या काम करती है मोल्ड-टेक टेक्नोलॉजीज?
मोल्ड-टेक टेक्नोलॉजीज इंजीनियरिंग व टेक्नोलॉजी सॉल्यूशन प्रदाता कंपनी है. यह मुख्य रूप से सिविल, स्ट्रक्चरल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग डिजाइन से जुड़ी सर्विसेज उपलब्ध करवाती है. स्ट्रक्चरल स्टील डिटेलिंग, BIM, प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग डिजाइन, पोल-टावर डिजाइन और ऑटोमोटिव के लिए BIW टूलिंग जैसे काम यह करती है. कंस्ट्रक्शन, ऑटोमोटिव और टेलीकॉम सेक्टर यह सक्रिय है और भारत के अलावा अमेरिका और ब्रिटेन में भी यह कारोबार करती है.