Last Updated:
Gopalganj Flood: बिहार बाढ़ के जख्मों से उबर नहीं पा रहा है. बुधवार सुबह गोपालगंज में गंडक नदी का तटबंध टूट गया. शीतलपुर में बांध टूटने के बाद पानी तेजी से निचले इलाकों की ओर फैल रहा है. इससे आसपास के लोगों में अफरातफरी का माहौल है. सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को संभालने में जुटी है. बैकुंठपुर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का विधानसभा क्षेत्र है.
शीतलपुर में बांध टूटा.
गोपालगंजः बिहार के गोपालगंज में गंडक नदी का तटबंध टूटने से हड़कंप मच गया. बैकुंठपुर प्रखंड के शीतलपुर में गंडक नदी का तटबंध टूट गया. इसके बाद नदी का पानी तेजी से निचले इलाकों की ओर फैलने लगा. पानी का फैलाव बढ़ने से आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई. इलाके में अफरातफरी का माहौल. पानी का फैलाव फैजुलाहपुर, खोमहारीपुर, सलेमपुर, नरवार और बहरामपुर तक पहुंचने की आशंका है. वहीं गंभारी के आधे हिस्से, बैकुंठपुर, चिउताहा और बनौरा गांव में भी पानी बढ़ने का खतरा बना हुआ है. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अब अपने घर और सामान की चिंता सताने लगी है.
तटबंध टूटने की सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है. विभागीय टीम की ओर से मौके का जायजा लिया जा रहा है. पानी के बहाव और फैलाव को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है. तटबंध को लेकर विभाग की ओर से जरूरी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, पानी तेजी से निचले इलाकों की तरफ बढ़ रहा है. प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. खासकर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है.
शिक्षा मंत्री का विधानसभा क्षेत्र है बैकुंठपुर
बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का विधानसभा क्षेत्र भी है. ऐसे में तटबंध टूटने की खबर के बाद प्रशासन और जल संसाधन विभाग की सक्रियता बढ़ गई है. फिलहाल सबसे बड़ी चिंता पानी के फैलाव को रोकने और प्रभावित इलाकों तक राहत पहुंचाने की है. अगर पानी का बहाव इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले घंटों में आसपास के और इलाकों पर भी इसका असर पड़ सकता है.