पुलिस वालों पर मिर्च स्प्रे डालकर 50000 के इनामी तस्कर को छुड़ा ले गए बदमाश, MP के 3 जिलों में नाकाबंदी

पुलिस वालों पर मिर्च स्प्रे डालकर 50000 के इनामी तस्कर को छुड़ा ले गए बदमाश, MP के 3 जिलों में नाकाबंदी


Last Updated:

मध्यप्रदेश की रीवा-सीधी छुहिया घाटी में ओडिशा पुलिस के वाहन को 3 गाड़ियों से आए बदमाशों ने घेर लिया. हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर और स्प्रे डालकर 50 हजार के इनामी आरोपी आदित्य मिश्रा को हिरासत से छुड़ा लिया. घटना के बाद रीवा, सीधी और शहडोल संभाग में सघन नाकेबंदी जारी है.

Zoom

ओडिशा पुलिस की गाड़ी पर हमलाकर आरोपी को छुड़ा ले गए बदमाश.

Rewa Sidhi News: रीवा-सीधी छुहिया घाटी में पुलिस हिरासत से एक कुख्यात गांजा तस्करी के आरोपी के फिल्मी अंदाज में फरार होने का मामला सामने आया है. ओडिशा पुलिस गांजा तस्करी के आरोपी आदित्य मिश्रा को रीवा कोर्ट में पेशी के लिए लेकर आ रही थी. तभी रास्ते में छुहिया घाटी के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने पुलिस वाहन को 3 गाड़ियों से घेर लिया. बदमाश रीवा की ओर से आए थे.

पुलिस वाहन में तोड़फोड़ और मिर्च पाउडर डाला
सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के मुताबिक, हमलावरों की एक गाड़ी आगे से और दो गाड़ियां पीछे से पहुंचीं. बदमाशों ने ओडिशा पुलिस के वाहन में तोड़फोड़ की. इसके बाद हमलावरों ने वाहन में मौजूद पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर और स्प्रे डाल दिया. अचानक हुए इस हमले के दौरान पुलिसकर्मी खुद को संभाल पाते, उससे पहले हमलावरों ने हिरासत में मौजूद आदित्य मिश्रा को अपने कब्जे में लिया और मौके से फरार हो गए. स्थानीय स्तर पर वारदात के दौरान गोलीबारी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है.

10 टन गांजा तस्करी का मामला
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा पुलिस ने करीब दो महीने पहले लगभग 10 टन गांजा तस्करी से जुड़े मामले में रीवा निवासी आदित्य मिश्रा को गिरफ्तार किया था. करीब 35 वर्षीय आदित्य मिश्रा मूल रूप से हनुमना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. उसके खिलाफ रीवा जिले के मनगवां, समान सहित अन्य थानों में गांजा तस्करी से जुड़े मामले दर्ज हैं. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आदित्य मिश्रा पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था. ओडिशा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए इस आरोपी को कोर्ट में पेशी के लिए लाया जा रहा था.

रीवा, सीधी और शहडोल संभाग में नाकेबंदी
घटना की सूचना मिलते ही रीवा और सीधी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के इलाकों में तत्काल नाकेबंदी कराई गई. घटना के बाद सीधी, रीवा और शहडोल संभाग की पुलिस को अलर्ट किया गया है. रीवा, सीधी और शहडोल संभाग से जुड़े मार्गों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है. आसपास के इलाकों में सघन तलाश शुरू कर दी गई है. संभावित रास्तों पर नाकेबंदी के साथ संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है.

साइबर सेल की मदद शुरू
फरार आरोपी और उसके सहयोगियों की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगाई गई हैं. साथ ही साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और संभावित ठिकानों का पता लगाया जा सके. ऐसे में पुलिस सुरक्षा के बीच हुई यह फरारी कई सवाल खड़े करती है. पुलिस अब न सिर्फ फरार आरोपी और उसे छुड़ाने वाले लोगों की तलाश कर रही है, बल्कि पूरी वारदात की कड़ियों को भी जोड़ने में जुटी है.

पुलिस जांच का दायरा अब इस बात तक पहुंच गया कि हमलावरों को आरोपी के मूवमेंट की जानकारी कैसे मिली. छुड़ाने की पूरी योजना किसने तैयार की और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहनों के पीछे कौन लोग थे, जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी और उसके सहयोगियों को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.



Source link