बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जेडीयू नेता नीरज कुमार और मोकामा विधायक अनंत सिंह आमने-सामने हैं. एक ओर जहां पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू ने नीरज कुमार को टिकट दिया है, वहीं पार्टी लाइन के विरोध में जाकर मोकामा विधायक अनंत सिंह ने प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज कुमार को अपना खुला समर्थन दिया है. हालांकि, अनंत सिंह ने यह भी कहा है कि उनकी जदयू से कोई नाराजगी नहीं है और पार्टी में सब ठीक है. उनकी व्यक्तिगत लड़ाई केवल और केवल नीरज सिंह से है, और इसलिए वह उन्हें हर हाल में हराना चाहते हैं. अनंत सिंह ने दावा किया कि अनुज सिंह जरूर जीतेंगे. वहीं, इस बीच जानकारी आ रही है कि यह पूरा विवाद अब पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार तक भी पहुंच गया है. इस बीच पार्टी के भीतर के इस राजनीतिक संघर्ष को लेकर जेडीयू नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने कहा है कि जल्दी ही इस मामले पर शीर्ष नेतृत्व निर्णय लेगा.
नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच इस सियासी विवाद पर जे श्रवण कुमार ने मीडिया से बातचीत में साफ-साफ कहा है कि ये सारी बातें पार्टी के बड़े नेताओं के संज्ञान में है, और इसे देखा जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में जो हो रहा है वो नहीं होना चाहिए था. जेडीयू नेता ने इस विवाद पर मीडिया से कहा, “पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी के जो शीर्ष नेता हैं उनके संज्ञान में ये बात आई है. आगे क्या निर्णय लिया जाता है, क्या निर्देश देते हैं, उसके हिसाब से कार्रवाई होगी.”
श्रवण कुमार बोले, बड़े नेता करेंगे फैसला
पत्रकारों ने जब श्रवण कुमार से प्रशांत किशोर के नीतीश कुमार पर दिए बयान और अनंत सिंह के बागी तेवर पर पूछा तो उन्होंने कहा कि पार्टी विधानसभा का चुनाव लड़े या लोकसभा का, जो भी चुनाव होता है हर पार्टी उम्मीदवार खड़ा करती है. जनता जो फैसला सुनाती है, जनादेश देती है, उसका हम सब लोग स्वागत करते हैं. हमलोग मतदान और उसके बाद गिनती का इंतजार करते हैं, और अब जो जनता जनादेश देगी हम सम्मान करेंगे. अंत में पूछा गया कि क्या नीरज कुमार को अनंत सिंह डैमेज कर रहे हैं? अनंत सिंह ने कहा है कि वे डॉ. अनुज कुमार के नामांकन में भी जाएंगे. इस पर श्रवण कुमार ने फिर से दोहराया कि बड़े नेताओं के संज्ञान में बात है और आगे क्या निर्णय लिया जाता है ये हम बताएंगे.
अपनी पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ अनंत सिंह का ऐलान
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर नीतीश कुमार की पार्टी जदयू से विधायक अनंत सिंह ने बड़ा दावा करते हुए प्रशांत किशोर के उम्मीदवार अनुज सिंह को समर्थन दिया है और उनकी जीत का दावा किया है. अनंत सिंह ने कहा कि वह आज तक हारे नहीं हैं और अनुज सिंह भी जीत जाएंगे.इस बीच मिली जानकारी के मुताबिक अनंत सिंह खुद अनुज सिंह के नामांकन में शामिल हो सकते हैं. बताया जा रहा है कि डॉ. अनुज सिंह आगामी एक अक्टूबर को नामांकन पत्र भरेंगे. बताया यह भी जा रहा है कि अनंत सिंह उनके प्रचार में शामिल हो सकते हैं.
नीरज से निजी लड़ाई, पार्टी से नाराजगी नहीं
वहीं, अनंत सिंह का कहना है कि उनका जेडीयू से कोई विवाद नहीं है और पार्टी में सब ठीक है. उनकी लड़ाई केवल नीरज कुमार से है. उन्होंने दावा किया कि पटना स्नातक क्षेत्र के 26 विधानसभा क्षेत्रों में उनके समर्थक मौजूद हैं और वे मिलकर नीरज को हराने के लिए काम करेंगे.
पहले भी हुई थी सुलह की कोशिश
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद नया नहीं है. दोनों के संबंध पहले से तनावपूर्ण बताए जाते रहे हैं. अनंत सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि नीरज कुमार ने पहले उन्हें एके-47 मामले में फंसाने की साजिश की थी. उन्होंने नीरज के नार्को टेस्ट की मांग भी की है. सितंबर में पार्टी के स्तर पर दोनों के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश भी हुई थी. उस समय जेडीयू के नेताओं की ओर से मतभेद दूर होने की उम्मीद जताई गई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
चुनाव का गणित और प्रशांत किशोर का दांव
चुनाव आयोग के अनुसार 8 सीटों – 4 स्नातक और 4 शिक्षक – के लिए वोटिंग 23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगी और गिनती 27 अक्टूबर को है. जन सुराज ने पटना स्नातक से अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से विमोहन कुमार और तिरहुत शिक्षक से भूषण झा को उतारा है. जानकारों का मानना है कि अनंत और नीरज की इस लड़ाई का सीधा फायदा RJD को मिल सकता है.
जेडीयू के अंदर मंथन जारी
इस बीच अनंत सिंह के नीरज कुमार का विरोध करने को लेकर जेडीयू में मंथन जारी है. मंत्री बुलो मंडल ने कहा है किपार्टी के वरिष्ठ नेताओ के संज्ञान में सब है, और बड़े नेता ही फैसला लेंगे. वहीं एक और मंत्री शीला मंडल ने अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद पर कहा है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के संज्ञान में सब है, बड़े नेता ही फैसला लेंगे.