Earring styling tips : त्योहारों का सीजन आते ही सजने-संवरने का मन अपने आप करने लगता है. खासकर जब बात एथनिक लुक की हो तो खूबसूरत साड़ी, सूट या लहंगे के साथ स्टेटमेंट ज्वेलरी पूरे लुक को खास बना देती है. इन दिनों बड़े झुमके, चांदबालियां और लॉन्ग डैंगलर्स काफी पसंद किए जा रहे हैं. लेकिन कई महिलाओं की एक परेशानी रहती है कि बड़े ईयररिंग्स पहनने के बाद चेहरा और पूरा लुक कुछ ज्यादा ही भरा-भरा नजर आने लगता है.
अगर आपको भी बड़े झुमके पहनने का शौक है, लेकिन ओवरड्रेस्ड दिखने का डर रहता है, तो थोड़ी-सी स्मार्ट स्टाइलिंग इस परेशानी को दूर कर सकती है. फैशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सिर्फ ईयररिंग्स चुनना ही काफी नहीं है. आपकी नेकलाइन, हेयरस्टाइल और बाकी ज्वेलरी भी लुक को बैलेंस करने में बड़ी भूमिका निभाती है.
बड़े झुमके या चांदबालियां पहन रही हैं तो कपड़ों की नेकलाइन पर थोड़ा ध्यान दें.(pinterest)
बड़ी बालियों के साथ नेकलाइन रखें सिंपल
बड़े झुमके या चांदबालियां पहन रही हैं तो कपड़ों की नेकलाइन पर थोड़ा ध्यान दें. बहुत ज्यादा हैवी नेकलेस या गले तक बंद हाई नेक के साथ बड़े ईयररिंग्स पहनने से चेहरा और ज्वेलरी का हिस्सा ज्यादा भरा हुआ लग सकता है.
ऐसे में स्ट्रैपलेस, ऑफ-शोल्डर, हॉल्टर या अपेक्षाकृत खुली नेकलाइन वाला आउटफिट अच्छा विकल्प हो सकता है. अगर आपने साड़ी पहनी है तो ब्लाउज की नेकलाइन को भी बहुत ज्यादा डिटेलिंग वाला रखने के बजाय ईयररिंग्स को ही लुक का फोकस बनने दें.
हेयरस्टाइल ऐसी रखें कि झुमके छिपें नहीं
बड़े ईयररिंग्स पहनने के बाद उन्हें बालों में छिपा देना भला किस काम का! इसलिए हेयरस्टाइल भी ऐसी चुनें, जिसमें कान और झुमके साफ नजर आएं. आप स्लीक बन, पोनीटेल या साइड ब्रेड ट्राई कर सकती हैं. अगर बाल खुले रखने हैं तो एक तरफ के बाल पीछे कर लें. हल्की वेव्स के साथ भी एक साइड को पीछे रखने पर ईयररिंग्स खूबसूरती से हाइलाइट होंगे.
हर ज्वेलरी को स्टेटमेंट बनाने की कोशिश न करें
बड़े झुमके खुद ही आपके लुक का स्टेटमेंट बन सकते हैं. ऐसे में इसके साथ हैवी नेकलेस, बड़ा मांगटीका, चोकर और बहुत सारी चूड़ियां एक साथ पहनने की जरूरत नहीं. अगर ईयररिंग्स काफी बड़े हैं तो बाकी ज्वेलरी को थोड़ा मिनिमल रखें. चाहें तो छोटी बिंदी या नाजुक-सा मांगटीका पहन सकती हैं. इससे लुक सजा हुआ भी लगेगा और जरूरत से ज्यादा भरा हुआ भी नहीं दिखेगा.
झुमके का शेप भी बदल सकता है पूरा लुक
हर बड़ा ईयररिंग एक जैसा नजर नहीं आता. इसलिए अपने आउटफिट और फेस शेप के हिसाब से डिजाइन चुनना भी जरूरी है. झुमके कानों के आसपास वॉल्यूम देते हैं, जबकि चांदबालियां लुक को ज्यादा स्ट्रक्चर्ड और लंबा इफेक्ट दे सकती हैं. लंबे डैंगलर्स चलने पर मूवमेंट देते हैं और फेस्टिव या पार्टी लुक में काफी आकर्षक लग सकते हैं. अगर आपका आउटफिट पहले से काफी डिटेलिंग वाला है, तो बहुत ज्यादा चौड़े ईयररिंग्स के बजाय लंबे और अपेक्षाकृत स्लिम डिजाइन चुन सकती हैं.
खूबसूरती के साथ आराम का भी रखें ध्यान
बड़े ईयररिंग्स खूबसूरत जरूर लगते हैं, लेकिन ज्यादा वजन वाले ईयररिंग्स को कई घंटे पहनना कानों के लिए असहज हो सकता है. इसलिए ऐसे स्टेटमेंट पीसेज चुनें जो देखने में बड़े हों, लेकिन वजन में हल्के हों. खोखली डिजाइन, हल्के मटेरियल या सही तरह से बैलेंस किए गए ईयररिंग्स लंबे समय तक पहनने में ज्यादा आरामदायक हो सकते हैं. भारी बालियों के लिए बड़े या चौड़े बैकिंग्स भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं, ताकि वजन का दबाव सिर्फ एक जगह न पड़े.
कुछ लोग ईयर-लिफ्ट पैच या कनौती जैसे सपोर्ट का भी इस्तेमाल करते हैं. ये ईयररिंग को अतिरिक्त सहारा दे सकते हैं. अगर लंबे समय तक भारी ईयररिंग पहनने के बाद कानों में खिंचाव या दर्द महसूस हो, तो उन्हें उतारकर कानों को आराम देना बेहतर है.
तो अगली बार जब आप त्योहार या किसी पार्टी के लिए अपनी पसंदीदा बड़ी झुमकी निकालें, तो सिर्फ उसकी खूबसूरती न देखें. नेकलाइन, हेयरस्टाइल और बाकी ज्वेलरी को भी उसी हिसाब से स्टाइल करें. इससे बड़े ईयररिंग्स आपके पूरे लुक पर हावी होने के बजाय उसे खूबसूरती से निखारेंगे.