Last Updated:
Sev Bhujia Namkeen Paratha Recipe: अगर रोज-रोज एक जैसे पराठे खाकर बोर हो गए हैं तो इस बार सेव भुजिया का पराठा बनाकर देखिए. इसे बनाने के लिए सेव नमकीन में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, लाल मिर्च, धनिया, अमचूर और गरम मसाला मिलाया जाता है. नरम आटे की लोई बेलकर उस पर लहसुन की चटनी लगाई जाती है और सेव का मसालेदार मिश्रण भरकर पराठा तैयार किया जाता है. तवे पर घी लगाकर कुरकुरा सेंकने के बाद इसे दही और लहसुन की चटनी के साथ परोस सकते हैं. खास बात यह है कि यह रेसिपी कम समय में तैयार हो जाती है.
धौलपुर. घरों में आलू, फूलगोभी और पालक के पराठे तो खूब बनाए जाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी नमकीन सेव भुजिया के पराठे खाए हैं. अगर नहीं, तो इस बार घर पर सेव भुजिया के स्वादिष्ट पराठे जरूर बनाकर देखें. खास बात यह है कि इन्हें बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता. जितने समय में सेव-टमाटर की सब्जी तैयार होती है, लगभग उतने ही समय में ये पराठे भी बनकर तैयार हो जाते हैं. लहसुन की चटनी और दही के साथ इनका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
गृहिणी प्रभा शर्मा बताती हैं कि सेव नमकीन के पराठे बनाना बहुत आसान है. सबसे पहले लहसुन की चटनी तैयार की जाती है. इसके लिए करीब 15 लहसुन की कलियां छील लें. इन्हें कुल्हड़ में डालकर लाल मिर्च पाउडर, जीरा, नमक और पिसा हुआ धनिया मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह कूट लें. जब लहसुन की अच्छी चटनी बन जाए तो इसे एक कटोरी में निकालकर रख दें.
पराठे बनाने के लिए ऐसे तैयार करें मिश्रण
इसके बाद पराठे में भरने के लिए सेव का मिश्रण तैयार करें. इसके लिए प्याज और हरी मिर्च को बारीक काट लें. अब इन्हें सेव नमकीन में डालें. इसमें थोड़ा लाल मिर्च पाउडर, नमक, पिसा हुआ धनिया, अमचूर पाउडर और गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब पराठे के लिए नरम आटा गूंथ लें. आटा तैयार होने के बाद इसे करीब 5 मिनट के लिए ढककर रख दें. इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोई बनाएं. लोई पर थोड़ा काला तिल और कसूरी मेथी डालें और इसे बेल लें.
दही और लहसुन की चटनी के साथ बढ़ जाता है स्वाद
अब बेली हुई रोटी पर थोड़ा घी लगाएं और इसके ऊपर तैयार की गई लहसुन की चटनी लगाएं. इसके बाद सेव का मिश्रण भरकर पराठे को दोबारा गोल आकार में बेल लें. गर्म तवे पर पराठा डालें और दोनों तरफ घी लगाकर अच्छी तरह कुरकुरा सेंक लें. इस तरह स्वादिष्ट सेव भुजिया का पराठा बनकर तैयार हो जाएगा. इसे दही और लहसुन की चटनी के साथ परोसा जा सकता है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी इसे पसंद कर सकते हैं. मेहमानों के लिए भी यह एक अलग और स्वादिष्ट नाश्ता होता है.