वनडे में चौकों और छक्कों से एक मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले 5 बल्लेबाज
Last Updated:
5 batsman Most runs from fours and sixes in an ODI innings: वनडे क्रिकेट की एक पारी में चौकों और छक्कों की मदद से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष 5 बल्लेबाजों में रोहित शर्मा, मार्टिन गप्टिल, ईशान किशन और शेन वाटसन का नाम शामिल है. इन विस्फोटक पारियों में बल्लेबाजों ने सिर्फ चौके-छक्के बरसाकर गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिए और रिकॉर्ड तोड़ रन बनाए.
चौकों और छक्कों की मदद से एक वनडे मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 5 बल्लेबाजों की लिस्ट.
नई दिल्ली. वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में कई ऐसी ऐतिहासिक पारियां खेली गई हैं, जिन्होंने दर्शकों को दांतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर कर दिया. जब कोई बल्लेबाज क्रीज पर सेट हो जाता है और बाउंड्री की बरसात करने लगता है, तो गेंदबाजों के पास बचने का कोई रास्ता नहीं बचता. वनडे में चौकों और छक्कों की मदद से एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 5 बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं. जिन्होंने अपनी आतिशी बल्लेबाजी से मैदान पर रनों का विशाल पहाड़ खड़ा कर दिया.
वनडे क्रिकेट इतिहास में बाउंड्री से सबसे ज्यादा रन बनाने का अद्वितीय रिकॉर्ड भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के नाम दर्ज है. 13 नवंबर 2014 को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडेन गार्डन्स मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ खेला गया वह मुकाबला हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया. रोहित शर्मा ने इस मैच में 173 गेंदों का सामना करते हुए 225 मिनट तक क्रीज पर खूंटा गाड़ा और 264 रनों की रिकॉर्ड- तोड़ पारी खेली. उनकी इस पारी का स्ट्राइक रेट 152.60 का रहा. रोहित की इस विशाल पारी की सबसे खास बात यह थी कि उन्होंने अपने कुल स्कोर में से 186 रन केवल चौकों और छक्कों से बनाए. उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए अपनी पारी में 33 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के जड़े. यह कारनामा आज भी वनडे क्रिकेट का एक अटूट रिकॉर्ड बना हुआ है.
मार्टिन गप्टिल ने विश्व कप में दिखाया रौद्र रूप
इस लिस्ट में दूसरा नाम न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल (Martin Guptil) का आता है, जिन्होंने विश्व कप जैसे बड़े मंच पर अपना रौद्र रूप दिखाया था. 21 मार्च 2015 को वेलिंगटन के मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए विश्व कप क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गप्टिल ने बल्ले से जमकर तबाही मचाई. उन्होंने 163 गेंदों में 223 मिनट तक बल्लेबाजी करते हुए 145.39 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 237 रन ठोके. गप्टिल ने अपनी इस मैराथन पारी में 24 चौके और 11 छक्के लगाए. यानी उन्होंने अपने 237 रनों में से 162 रन केवल बाउंड्री पार भेजकर बटोरे थे. उनकी इस विस्फोटक पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने मैच में विशाल स्कोर खड़ा किया था.
ईशान किशन ने चटगांव में बांग्लादेशी गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां
तीसरे स्थान पर भारत के युवा और आक्रामक बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) का नाम आता है. ईशान किशन ने 10 दिसंबर 2022 को बांग्लादेश के खिलाफ चट्टोग्राम में खेले गए वनडे मैच में तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की थी. महज 131 गेंदों में 210 रन बनाने वाले ईशान ने इस पारी के दौरान कई रिकॉर्ड ध्वस्त किए. 169 मिनट क्रीज पर बिताकर 160.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले ईशान ने अपनी पारी में 24 चौके और 10 छक्के जड़े. इस तरह उन्होंने अपने कुल स्कोर में से 156 रन सिर्फ चौकों और छक्कों के दम पर हासिल किए थे. ई
शेन वाटसन का मीरपुर में आया चौकों-छक्कों का तूफान
चौथे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर शेन वाटसन (Shane Watson) का कब्जा है, जिन्होंने बेहद कम गेंदों में बाउंड्रीज का तूफान खड़ा कर दिया था. 11 अप्रैल 2011 को मीरपुर में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वाटसन अलग ही मूड में मैदान पर उतरे थे. उन्होंने महज 96 गेंदों में 113 मिनट की बल्लेबाजी के दौरान नाबाद 185 रनों की अति-विस्फोटक पारी खेली. 192.70 के शानदार स्ट्राइक रेट से खेलते हुए वाटसन ने अपनी पारी में 15 चौके और 15 ही छक्के जड़े. वाटसन ने अपनी पारी के 150 रन सिर्फ 30 बाउंड्रीज (15 चौके और 15 छक्के) से बनाए थे, जो वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे कम समय और कम गेंदों में तहलका मचाने वाली पारियों में से एक मानी जाती है.
रोहित शर्मा ने बेंगलुरु में जमाया पहला दोहरा शतक
इस सूची में पांचवां स्थान एक बार फिर भारत के ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा के नाम है. कोलकाता में 264 रन बनाने से एक साल पहले यानी 2 नवंबर 2013 को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित ने अपना पहला दोहरा शतक जड़ा था. उस मैच में रोहित ने 158 गेंदों में 222 मिनट तक बल्लेबाजी करते हुए 132.27 के स्ट्राइक रेट से 209 रन बनाए थे. अपनी इस पारी में रोहित ने 12 चौके और 16 विशाल छक्के जड़े थे. उन्होंने बाउंड्री की मदद से कुल 144 रन बनाए थे. उस समय एक वनडे पारी में 16 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी रोहित ने अपने नाम किया था.