Last Updated:
Fastag Pass : फास्टैग एनुअल पास को लोगों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. अब तक एक करोड़ लोग यह पास बनवा चुके हैं. फास्टैग पास एक साल या 200 टोल क्रॉसिंग के लिए वैलिड होता है. इसे आप कैसे बनवा सकते हैं, जानिए..
फास्टैग पास सिर्फ एक ही वाहन के लिए मान्य होगा.
नई दिल्ली. पिछले साल 15 अगस्त को लॉन्च किए गए फास्टैग एनुअल पास लोगों में खूब लोकप्रिय हुआ है. अब तक एक करोड़ वाहन चालकों ने इसे अपनाया है. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने यह जानकारी दी है. मंत्रालय के अनुसार, यह वार्षिक पास देशभर के लगभग 1,150 टोल प्लाजा पर लागू है, जिनमें राष्ट्रीय राजमार्ग और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे शामिल हैं. इस पास से वाहन मालिकों को बार-बार फास्टैग रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं पड़ती. एक बार 3,075 रुपए का भुगतान करने पर यह पास एक वर्ष या 200 टोल क्रॉसिंग तक वैध रहता है. यानी आप इससे 200 बार कोई टोल पार सकते हैं.
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, देश में फास्टैग की पहुंच अब 98 फीसदी से अधिक हो चुकी है और लगभग 13 करोड़ वाहन चालक इसका इस्तेमाल कर रहे हैं. फास्टैग ने भारत में इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन प्रणाली को पूरी तरह बदल दिया है और टोल प्लाजा पर न केवल पारदर्शिता बढ़ाई है, बल्कि लोगों की यात्रा को सुगम भी बनाया है. फास्टैग एनुअल पास से टोल पर रुकने की परेशानी कम हुई है और लोगों को किफायती व सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिला है.
कैसे बनवाएं फास्टैग एनुअल पास?
फास्टैग एनुअल पास बनवाना बहुत आसान है. इसे मौजूदा FASTag पर एक्टिवेट किया जा सकता है. इसके लिए फास्टैग का सही तरीके से गाड़ी की विंडशील्ड पर लगा होना जरूरी है. साथ ही वेलिड व्हीकल रजिस्ट्रेशन नंबर यानी वीआरएन से भी लिंक होना चाहिए. यह पास उन लोगों के लिए बहुत फायदेमंद है जो बहुत ज्यादा यात्रा करते हैं. आप इसे राजमार्गयात्रा ऐप या एनएचएआई की वेबसाइट के जरिए भी खरीद सकते हैं. हम आपको राजमार्ग ऐप से पास बनवाने का तरीका बता रहे हैं-
- राजमार्ग यात्रा ऐप जाएं.
- अब ‘एनुअल पास’ का विकल्प चुनें.
- प्री-बुक पर क्लिक करें.
- ‘रेडी टू गेट स्टार्ट’ का पेज खुलेगा, ‘गेट स्टार्डड’ पर क्लिक करें.
- अब अपने वाहन का नंबर दर्ज करें.
- अब वाहन की डिटेल खुलेगी उसे चेक करें.
- आपके नंबर पर ओटीपी आएगा. आप यहां दूसरा नंबर भी डाल सकते हैं.
- ओटीपी डालकर ‘प्रोसीड’ पर क्लिक करें.
- अब पेमेंट का ऑप्शन आएगा. 3,075 रुपये का भुगतान UPI, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से पूरा करें.
- इसके बाद ‘कंटिन्यू एंड पे’ पर क्लिक करें.