Last Updated:
Motihari Crime News: मोतिहारी में एक महिला की मौत रहस्य बन गई है. उसके 5 साल के बेटे ने बताया कि भोला अंकल ने उसकी मां रिंकू देवी का गला घोंटकर पंखे से लटका दिया. पुलिस बच्चे के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
मोतिहारी में महिला रिंकू देवी की मौत रहस्य बन गई है.
मोतिहारी: मेरी मम्मी को भोला अंकल ने गला दबाकर मार दिया. मम्मी नहाने जा रही थीं. तभी उन्होंने गले में रस्सी बांधकर कुर्सी पर चढ़कर पंखे से लटका दिया. इसके बाद उन्होंने ही मम्मी को नीचे उतार दिया. यह बयान मृतका रिंकू देवी के पांच वर्षीय बेटे विवेक का बताया जा रहा है. बच्चे के इस बयान के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. हालांकि बच्चे के इन आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना अभी बाकी है.
मामला मोतिहारी के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के राजपुर नवादा गांव से जुड़ा है. गांव निवासी विनोद बैठा की 25 वर्षीय बेटी रिंकू देवी की शादी करीब आठ वर्ष पहले मधुबन थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव निवासी पप्पू बैठा से हुई थी. रिंकू के एक बेटा और एक बेटी हैं. उसका पति बाहर रहकर मजदूरी करता है.
बेटी की मौत की सूचना पर ससुराल पहुंचे पिता
बताया गया कि रिंकू के पिता विनोद बैठा को किसी व्यक्ति के माध्यम से बेटी की मौत की सूचना मिली. जानकारी मिलते ही वह उसके ससुराल पहुंचे. लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था. पूछताछ करने पर उन्हें पता चला कि शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया है. इसके बाद विनोद बैठा ने घटना की सूचना मधुबन पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रवीण पांडे ने पुलिस टीम को जांच के लिए भेजा.
पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके बाद पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू की. इसी दौरान पुलिस टीम ने रिंकू के पांच वर्षीय बेटे विवेक से भी पूछताछ की. बच्चे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां नहाने के लिए जा रही थीं. इसी दौरान उसके अनुसार भोला नाम का व्यक्ति वहां आया. उसने मां का गला दबाया. बच्चे ने आगे बताया कि इसके बाद रस्सी से गले को बांधकर कुर्सी के सहारे पंखे से लटका दिया गया. बाद में शव को नीचे उतार दिया गया. पुलिस अब बच्चे के बयान समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही रिंकू देवी की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.