कौन है रजत सोलंकी? जिसके जेल से बाहर आते ही अखिलेश यादव ने मिलने को बुला लिया

कौन है रजत सोलंकी? जिसके जेल से बाहर आते ही अखिलेश यादव ने मिलने को बुला लिया


Last Updated:

Lucknow Latest News: यूपी की राजधानी में अखिलेश यादव ने रजत सोलंकी से मुलाकात की. जैसे ही रजत सोलंकी जेल से बाहर आए वैसे ही अखिलेश ने उन्हें मिलने के लिए बुला लिया. आइए जानते हैं आखिर कौन है रजत सोलंकी और वह जेल क्यों गए थे.

Zoom

रजत सोलंकी ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की.

लखनऊ: यूपी के लखनऊ में अखिलेश यादव से रजत सोलंकी ने मुलाकात की. रजत सोलंकी वही युवक है जिसने यूपी के बागपत में सरकारी स्कूल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था और फिर इस मामले में उसे जेल भेजा गया था. रजत ने अखिलेश यादव को पूरे मामले की जानकारी दी. इसके बाद अखिलेश यादव ने प्रेसवार्ता में इस मामले को उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा और कहा कि युवक ने सच्ची खबर का वीडियो वायरल किया था. उन्होंने कहा कि युवक जेल में रहकर आया है और ऐसी सरकार है कि सच्चाई दिखाने पर जेल जाना पड़ता है.

मामला बागपत के बिनौली थाना क्षेत्र के माखर गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय यानी कंपोजिट स्कूल से जुड़ा है. यहां स्कूल की तस्वीर और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में गांव के रहने वाले रजत सोलंकी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका भावना तोमर की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई की.

तहरीर में आरोप लगाया गया कि रजत सोलंकी गेट तोड़कर विद्यालय परिसर में घुसा और भवन, शौचालय तथा रसोईघर की स्थिति का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया. साथ ही जर्जर भवन पर लगी सील तोड़ने का भी आरोप लगाया गया. पुलिस ने रजत सोलंकी को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे शांतिभंग के मामले में जेल भेज दिया गया. करीब दो दिन बाद रजत जमानत पर बाहर आया.

जेल से बाहर आने के बाद रजत ने प्रधानाध्यापिका के आरोपों को निराधार बताया. उसका कहना है कि वह रविवार को छुट्टी के दिन दीवार के रास्ते स्कूल परिसर में गया था और वहां की अव्यवस्थाओं का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था. रजत ने गेट तोड़ने और भवन की सील तोड़ने से इनकार किया. उसका कहना है कि उसका मकसद बेसिक शिक्षा विभाग की छवि खराब करना नहीं, बल्कि छात्रों के हित में आवाज उठाना था, ताकि बरसात के मौसम में किसी तरह का हादसा न हो.

इसी मामले को लेकर अब रजत सोलंकी ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात कर पूरा घटनाक्रम बताया है. अखिलेश यादव ने प्रेसवार्ता में इस मामले का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए हैं. वहीं, स्कूल प्रबंधन की ओर से लगाए गए आरोप और रजत सोलंकी के दावे दोनों इस मामले में सामने आ रहे हैं.



Source link