नई दिल्ली (LBSNAA Entry Without UPSC). मसूरी की खूबसूरत पहाड़ियों में बसे लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) का नाम सुनते ही दिमाग में ट्रेनी IAS-IPS अफसरों का ख्याल सबसे पहले आता है. हर साल लाखों युवा यूपीएससी की कठिन परीक्षा पास करके इस कैंपस में पहुंचने का सपना देखते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यूपीएससी की बाधा पार किए बिना भी कोई इस प्रतिष्ठित संस्थान के अंदर कदम रख सकता है? यह सुनकर भले ही थोड़ा अजीब लगे, पर है बिल्कुल सच.
यूपीएससी पास किए बिना LBSNAA में एंट्री कैसे मिलेगी?
हर साल लाखों युवा यूपीएससी सीएसई की तैयारी करते हैं. इसमें सफल होने वालों को मसूरी स्थित LBSNAA में ट्रेनिंग का अवसर मिलता है. यूपीएससी परीक्षा में पास होने के बाद जिनका भी चयन किसी भी सिविल सेवा के लिए होता है, उनकी शुरुआती ट्रेनिंग यहीं होती है. यूपीएससी में फेल या इसकी परीक्षा नहीं देने वाले भी कई लोग LBSNAA में एंट्री का ख्वाब बुनते हैं. जानिए नॉन यूपीएससी वाले आईएएस ट्रेनिंग सेंटर के अंदर एंट्री कैसे ले सकते हैं.
लॉ स्टूडेंट्स और अन्य युवाओं के लिए इंटर्नशिप के मौके
यूपीएससी पास किए बिना LBSNAA के अंदरूनी माहौल को नजदीक से देखने का सबसे बेहतरीन जरिया इंटर्नशिप है. LBSNAA के नेशनल सेंटर फॉर लॉ एंड एडमिनिस्ट्रेशन (NCLA) ने फाइनल ईयर के लॉ स्टूडेंट्स के लिए 4 हफ्ते की एकेडमिक इंटर्नशिप शुरू की है. इसके तहत देश के टॉप प्रशासनिक अधिकारियों और फैकल्टी के साथ मिलकर गवर्नेंस और एडमिनिस्ट्रेटिव लॉ पर रिसर्च करने का मौका मिलेगा.
संस्थान समय-समय पर पब्लिक पॉलिसी, सोशल साइंसेज, मीडिया और रिसर्च से जुड़े युवाओं के लिए भी विभिन्न सेंटर्स के जरिए ऐसे प्रोग्राम या प्रोजेक्ट बेस्ड इंटर्नशिप के दरवाजे खोलता रहता है. इसके लिए इनकी ऑफिशियल वेबसाइट पर पैनी नजर रखनी होगी. 4 हफ्ते की इंटर्नशिप में कोई स्टाइपेंड तो नहीं मिलता, लेकिन कैंपस में रहना और खाना बिल्कुल मुफ्त मिलता है.
मिड-करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम्स
यूपीएससी के बिना LBSNAA में एंट्री पाने का एक और सॉलिड जरिया मिड-करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (MCTP) है. देश की विभिन्न केंद्रीय सेवाओं (जैसे IRS, IPS, IFoS आदि) के सीनियर अफसरों और राज्य सिविल सेवा (State PCS) के अनुभवी अधिकारियों को रिफ्रेशर कोर्स के लिए मसूरी भेजा जाता है. इसके अलावा, देश-विदेश के मैनेजमेंट, इकोनॉमिक्स और टेक्नोलॉजी के दिग्गज एक्सपर्ट्स को बतौर गेस्ट लेक्चरर, कंसलटेंट या रिसर्चर यहां आमंत्रित किया जाता है.
ऑफिशियल विजिट और कैंपस की अनकही दुनिया
क्या आम लोग LBSNAA घूम सकते हैं? अगर आपके मन में भी यह सवाल है तो आपके लिए यह समझना जरूरी है कि यह कोई आम टूरिस्ट स्पॉट नहीं है, इसलिए यहां डायरेक्ट एंट्री बैन है. हालांकि, चुनिंदा विश्वविद्यालयों और रिसर्च संस्थानों के स्टूडेंट्स एजुकेशनल टूर के तहत विशेष अनुमति से यहां आ सकते हैं. LBSNAA कोई आम बिल्डिंग या ट्रेनिंग सेंटर नहीं, बल्कि प्रशासनिक सोच का मंदिर है, जहां ज्ञान और प्रोफेशनलिज्म के दम पर इन चुनिंदा रास्तों से दाखिल हुआ जा सकता है.