Last Updated:
Kota Railway Station Redevelopment: कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 का जल्द पुनर्विकास किया जाएगा. सक्षम स्वीकृति मिलने के बाद ब्लॉक की तारीख और अवधि तय होगी. काम के दौरान प्लेटफॉर्म-3 से ट्रेनों का संचालन बंद रहेगा, इसलिए रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्था की योजना बनाई है. कुछ ट्रेनों को प्लेटफॉर्म 4, 2, 1 और 1-ए से संचालित किया जाएगा. वहीं जोधपुर-भोपाल, भोपाल-जोधपुर, जबलपुर-अजमेर और अजमेर-जबलपुर ट्रेनें कोटा स्टेशन नहीं आएंगी और सोगरिया होकर चलेंगी. इटावा-कोटा, इंदौर-कोटा और बीना-कोटा ट्रेनों की यात्रा सोगरिया में समाप्त कराने की योजना है, जबकि कोटा-बीना ट्रेन सोगरिया से रवाना होगी.
कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पुनर्विकास को लेकर कई ट्रेनें डायवर्ट होकर चलेंगी
कोटा. रेलवे की ओर से कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर जल्द ही पुनर्विकास कार्य शुरू कराया जाना है. इसको लेकर रेलवे की ओर से तैयारियां की जा रही हैं. सक्षम स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद प्लेटफॉर्म-3 पर कार्य शुरू करने के लिए ब्लॉक की तारीख और उसकी अवधि तय की जाएगी. निर्माण कार्य के दौरान प्लेटफॉर्म-3 ट्रेनों के आवागमन के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा. ऐसे में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने पहले से ही ट्रेनों के संचालन में संभावित बदलाव की योजना तैयार कर ली है.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि ब्लॉक के दौरान प्लेटफॉर्म-3 पर आने वाली ट्रेनों को उपलब्धता और परिचालन की जरूरत के अनुसार अन्य प्लेटफॉर्म से संचालित किया जाएगा. इनमें प्लेटफॉर्म संख्या-4, 2, 1 और 1-ए शामिल हैं. आवश्यकता पड़ने पर अन्य उपलब्ध प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. रेलवे का उद्देश्य ब्लॉक के दौरान ट्रेनों का संचालन यथासंभव व्यवस्थित रखना और यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, यह सुनिश्चित करना है.
चार ट्रेनें कोटा स्टेशन नहीं आएंगी
ब्लॉक अवधि के दौरान चार ट्रेनों को कोटा स्टेशन से नहीं चलाने की योजना है. रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या-14813 जोधपुर-भोपाल, गाड़ी संख्या-14814 भोपाल-जोधपुर, गाड़ी संख्या-12181 जबलपुर-अजमेर और गाड़ी संख्या-12182 अजमेर-जबलपुर को परिवर्तित मार्ग से सोगरिया होकर संचालित करने की योजना बनाई गई है. इसके चलते ये चारों ट्रेनें ब्लॉक अवधि में कोटा स्टेशन नहीं आएंगी.
कोटा के बजाए सोगरिया स्टेशन तक चलेंगी ये ट्रेनें
इसके अलावा कुछ ट्रेनों के संचालन में सोगरिया स्टेशन को लेकर भी बदलाव प्रस्तावित है. गाड़ी संख्या-19812 इटावा-कोटा, गाड़ी संख्या-22984 इंदौर-कोटा और गाड़ी संख्या- 61634 बीना-कोटा का संचालन कोटा स्टेशन के बजाय सोगरिया स्टेशन तक करने की योजना है. यानी इन ट्रेनों की यात्रा कोटा की जगह सोगरिया स्टेशन पर समाप्त कराई जाएगी. वहीं गाड़ी संख्या-61633 कोटा-बीना कोटा स्टेशन के बजाय सोगरिया से रवाना की जाएगी. इस तरह प्लेटफॉर्म-3 पर प्रस्तावित ब्लॉक के दौरान कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म और संचालन व्यवस्था में अस्थायी बदलाव देखने को मिल सकता है.
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए जारी की है अग्रिम सूचना
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल यह यात्रियों को पहले से जानकारी देने के उद्देश्य से जारी की गई अग्रिम सूचना है. प्लेटफॉर्म-3 के ब्लॉक की तारीख और अवधि तय होने के बाद प्रभावित ट्रेनों तथा प्लेटफॉर्म से जुड़ी विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ब्लॉक अवधि में यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन और प्लेटफॉर्म की ताजा स्थिति जरूर जांच लें. यात्री NTES, Rail Madad 139 या स्टेशन की सूचना प्रणाली के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. इससे स्टेशन पहुंचने के बाद होने वाली संभावित परेशानी से बचा जा सकेगा और यात्री अपनी यात्रा की योजना समय रहते बना सकेंगे.